मुजफ्फरनगर। बेगराजपुर स्थित मेडिकल कॉलेज में शनिवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक्स-रे विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रामकुमार पुत्र निर्भन सिंह, निवासी पिपरी नूरपुर (जिला जालौन), मेडिकल कॉलेज परिसर में ही आवासीय कक्ष में रह रहे थे। शाम के समय संदिग्ध हालात में उन्होंने कथित तौर पर फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही मंसूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। कमरे की तलाशी लेकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, साथ ही कॉलेज के कर्मचारियों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।