मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान गढ़ी देशराज निवासी 27 वर्षीय आयुष पंवार के रूप में हुई है, जो बघरा कस्बे में स्पेयर पार्ट्स की दुकान चलाता था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

आयुष के परिवार में उसकी मां सुनीता देवी, छोटा भाई काशी और बहन मेघना हैं। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार, आयुष और अंशिका नाम की युवती के बीच करीब 12 साल से संबंध थे, जो कॉलेज के समय से शुरू हुए थे। जहां आयुष गांव में व्यवसाय कर रहा था, वहीं युवती मुंबई में नौकरी करती थी।

परिजनों का आरोप है कि युवती हाल ही में अपने घर आई थी और आयुष पर शादी का दबाव बना रही थी। परिवार का कहना है कि आयुष पहले अपनी बहन की शादी कराना चाहता था, इसी वजह से वह शादी के लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि लड़की और उसकी मां द्वारा फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था।


मामले को शांत कराने के लिए आयुष ने अपनी मां और भाई को युवती के घर भी भेजा था, लेकिन वहां भी बात नहीं बन सकी। परिजनों के मुताबिक, वहां भी उनके साथ बदसलूकी की गई और धमकी दी गई कि उनकी शर्तें माननी होंगी, वरना फोटो वायरल कर दिए जाएंगे।

इसी तनाव के चलते शनिवार सुबह आयुष ने अपने कमरे में फांसी लगा ली। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसे उसने अपने परिजनों और पुलिस के लिए लिखा है। सुसाइड नोट में उसने पूरी स्थिति का जिक्र करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। नोट में लिखा है—

"मैं आयुष पंवार बहुत परेशान हूं। पिछले 8-10 दिनों से मुझे बहुत टॉर्चर किया जा रहा है। गर्लफ्रेंड मुझे पिछले 12 साल से प्रताड़ित कर रही है। ये लोग मुझसे शादी करने का दबाव बनाकर और मुझे सजा देकर पैसे वसूल रहे हैं। लड़की की मम्मी मुझे डराती हैं कि अगर मैंने उसको छोड़ा तो वे मेरे और गर्लफ्रेंड के फोटो वायरल कर देंगी। मैंने लड़की को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन अपनी मम्मी की शह पर वह मुझे बार-बार टॉर्चर करती रही।

मैंने इस मामले को सुलझाने के लिए अपने भाई और मम्मी को उनके घर भी भेजा था। लेकिन, उन लोगों ने इनके साथ भी बदतमीजी की। उन्होंने साफ कह दिया कि जैसा वे चाहते हैं वैसा ही करना होगा, वरना फोटो वायरल कर देंगे। अब मैं इन सब चीजों से दुखी होकर, लड़की और उसकी मां से परेशान आकर सुसाइड करने जा रहा हूं।

पुलिस से मेरी यह उम्मीद है कि लड़की और उसकी मां को जेल भेजने का काम किया जाए। मेरी अपनी फैमिली से भी विनती है कि कृपया करके इन्हें जेल भिजवाएं। मेरे भाई काशी, अभिषेक और उज्ज्वल आप सब से मेरी गुजारिश है कि मेरा केस अच्छे से लड़ें। जिससे लड़की और उसकी मम्मी को उनके किए की सजा मिले। वे कभी बाहर न आ पाएं।

आप मेरी वॉट्सएप चैट देखिए कि लड़की ने मुझे कितना टॉर्चर किया है। भगवान भी इन्हें कभी माफ नहीं करेगा। लड़की मुझसे हर रोज पैसे मांगती थी और ज्यादातर कैश लेती थी। उसकी मां ने भी मुझे अलग से घर बुलाकर कैश लिया है। उनकी यह सारी चाल कैमरे में दिख रही होगी, जिसे मैं समय रहते समझ नहीं पाया। पिछले 4 महीनों से लड़की मुझे नॉर्मल कॉल के बजाय वॉट्सएप कॉल ज्यादा कर रही थी। पुलिस से हाथ जोड़कर निवेदन है कि इन दोनों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। मेरे परिवार से विनती है कि इन्हें जेल पहुंचाए बिना बिल्कुल मत छोड़ना।

Thank you police

Sorry my family मुझे माफ करना और टॉर्चर नहीं झेला जा रहा Ayush"

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ फुगाना यतेंद्र नागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों की शिकायत तथा सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।