यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में नई मंडी कोतवाली पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस जांच में सामने आया कि इस सनसनीखेज वारदात के पीछे एक महिला और उसका वर्तमान प्रेमी शामिल थे। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा के अनुसार, एक फरवरी को सरवट फाटक के पास नाले से एक युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान हरिनगर निवासी जीवन उर्फ संजीव के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिनकी जांच के बाद हत्या का खुलासा हुआ।
पुलिस ने इस प्रकरण में गांव हरसौली, थाना शाहपुर निवासी सोनिया और सादिक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जीवन और सोनिया के बीच करीब 12 वर्षों से संबंध थे। सोनिया का अपने मामा के घर हरिनगर आना-जाना था, इसी दौरान उसकी जान-पहचान जीवन से हुई थी। बाद में सोनिया के संबंध सादिक से भी बन गए, जिससे दोनों के बीच तनाव बढ़ने लगा।
सादिक को यह बात नागवार गुजरती थी कि सोनिया लगातार जीवन से मिलती रहे, जबकि जीवन भी इस रिश्ते को खत्म करने को तैयार नहीं था। इसी वजह से सादिक और सोनिया ने मिलकर जीवन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत सादिक ने सरवट इलाके में सोनिया के लिए एक किराए का मकान दिलाया।
पुलिस के अनुसार, 31 जनवरी को सोनिया ने जीवन को बहाने से उस किराए के मकान में बुलाया। जीवन अपने साथी दीपक के साथ आया था, लेकिन सोनिया उसे अकेले ही अंदर ले गई। इसी दौरान मौका पाकर सादिक ने रस्सी से जीवन का गला दबा दिया। जब जीवन ने विरोध किया तो सोनिया ने उसके हाथ पकड़ लिए, जिससे वह खुद को बचा नहीं सका।
हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को कपड़े में लपेटकर पास के नाले में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ आरोप पत्र दाखिल कर दिया गया है।