मुजफ्फरनगर। पूर्व विधायक स्व. सोमांश प्रकाश के पुत्र और टिकोला शुगर मिल्स के प्रबंध निदेशक निरंकार स्वरूप ने हाल ही में केंद्रीय मंत्री और रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान क्षेत्र के गन्ना किसानों की समस्याओं और समसामयिक राजनीतिक विषयों पर चर्चा हुई।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में गन्ना मूल्य भुगतान, किसानों की आर्थिक स्थिति और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। जयंत चौधरी ने टिकोला शुगर मिल्स द्वारा किसान हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और विशेष रूप से समयबद्ध भुगतान के मामले में मिल को “नंबर वन” बताते हुए निरंकार स्वरूप के प्रबंधन की प्रशंसा की।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी हो रही है कि जयंत चौधरी ने निरंकार स्वरूप को सक्रिय राजनीति में आने के लिए प्रोत्साहित किया। इस पर निरंकार स्वरूप ने संयमित प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे इस विषय में परिवारजनों से विचार-विमर्श कर उचित समय पर निर्णय लेंगे।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बैठक से क्षेत्रीय राजनीति में संभावित नए समीकरण और किसानों तथा स्थानीय विकास को लेकर राजनीतिक वार्ता में नई ऊर्जा आ सकती है।