मुजफ्फरनगर जिले में होली का त्योहार शांतिपूर्ण रूप से संपन्न होने के बाद गुरुवार को जिले की पुलिस ने भी अपनी ओर से रंगों का जश्न मनाया। पुलिस लाइंस, थानों और चौकियों में दिनभर होली की उमंग और उत्साह दिखाई दिया। इस दौरान एसपी, एसपी सिटी और एसपी देहात सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों के साथ मिलकर होली की मस्ती में हिस्सा लिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार वर्मा खुद ढोल की थाप पर नाचते हुए नजर आए। पूरे जिले का पुलिस अमला रंगों में सराबोर हो गया और अधिकारी-सिपाही के बीच की दूरी पूरी तरह मिट गई। जवानों ने अधिकारियों को गुलाल और रंगों से पूरी तरह रंग-रोगन कर दिया।

एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने रिजर्व पुलिस लाइन में पहुंचकर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि होली आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का प्रतीक पर्व है। इसके साथ ही उन्होंने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, एसपी अपराध हिंदू सिद्धार्थ, एसपी यातायात अतुल चौबे, क्षेत्राधिकारी और पुलिस परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। पुलिस लाइंस के साथ ही शहर कोतवाली, सिविल लाइन, नई मंडी कोतवाली, मंसूरपुर, छपार और खतौली थानों में भी दिनभर होली का रंग देखने को मिला।

पुलिसकर्मियों ने डीजे और ढोल की थाप पर हिंदी फिल्मों के गानों पर जमकर डांस किया। दोपहर तक यह उत्सव 'कपड़ा फाड़' होली में तब्दील हो गया, जिसमें जवानों ने एक-दूसरे के कपड़े फाड़कर पारंपरिक अंदाज में होली का आनंद लिया।