मुजफ्फरनगर। आगामी पर्व और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। रविवार को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस बल के साथ शहर कोतवाली और खालापार थाना क्षेत्र में पैदल भ्रमण किया। इस दौरान दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया।
फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने प्रमुख बाजारों, चौराहों, संवेदनशील इलाकों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रास्ते में आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया। संत रविदास जयंती और आगामी शब-ए-बारात को देखते हुए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है।
अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) संजय कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत, सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मिश्रा, कोतवाली नगर प्रभारी बबलू कुमार, खालापार थाना प्रभारी महावीर सिंह सहित अन्य पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सख्ती से निपटा जाएगा।