मुजफ्फरनगर में प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्त कार्रवाई करते हुए मेरठ रोड स्थित सुजड़ू क्षेत्र में चल रही तीन फैक्ट्रियों को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद औद्योगिक क्षेत्र में अन्य इकाइयों के संचालकों के बीच भी हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने अधिकारी गीतेश चंद्रा के नेतृत्व में एई कुंवर संतोष कुमार और जेई राजा गुप्ता के साथ मिलकर मौके पर छापेमारी की। जांच के दौरान एफआर इंटरप्राइजेज, एएस ट्रेडर्स और एसजे ट्रेडर्स नामक तीन यूनिटों की गतिविधियों की विस्तृत जांच की गई।

निरीक्षण में यह सामने आया कि इन फैक्ट्रियों से वायु प्रदूषण का स्तर काफी अधिक था। साथ ही, संचालक आवश्यक पर्यावरणीय अनुमति जैसे ‘कंसेंट टू ऑपरेट’ (CTO) और अन्य जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।


स्थिति को गंभीर मानते हुए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने तत्काल प्रभाव से तीनों औद्योगिक इकाइयों को सील कर दिया।

अधिकारियों का कहना है कि ये यूनिटें मेटल रिकवरी से जुड़ी हुई हैं और बिना वैध अनुमति के लंबे समय से संचालन कर रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्र में लगातार प्रदूषण फैल रहा था। आगे भी ऐसे अवैध संचालन के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।