मुजफ्फरनगर में मॉडिफाइड बुलेट से सड़क पर हुड़दंग और स्टंटबाजी करना दो युवकों को भारी पड़ गया। कई दिनों से चौकी के सामने तेज आवाज और स्टंट कर लोगों को परेशान कर रहे युवकों को मंगलवार रात पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेते हुए बाइक सीज कर दी और 15 हजार रुपये का चालान भी काटा।

कई दिनों से चल रहा था स्टंट और धमाकों का खेल

सूत्रों के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र की रुड़की चुंगी चौकी के सामने दो युवक लगातार मॉडिफाइड बुलेट लेकर पहुंचते थे। साइलेंसर में बदलाव कर बाइक से पटाखों जैसी तेज आवाज निकाली जाती थी और उसके बाद तेज रफ्तार में स्टंट कर मौके से फरार हो जाते थे। इस हरकत से स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे।


मंगलवार रात पुलिस ने की कार्रवाई

मंगलवार रात भी दोनों युवक उसी तरह चौकी के सामने पहुंचे और स्टंट करते हुए तेज धमाके किए। इस बार चौकी इंचार्ज दीपक कुमार ने तुरंत संज्ञान लेते हुए उनका पीछा शुरू किया। पुलिस ने कई किलोमीटर तक पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और बाइक समेत चौकी ले आई।

जांच में मॉडिफाइड साइलेंसर का खुलासा

चौकी पर जांच के दौरान पता चला कि बुलेट में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाया गया था, जिससे तेज धमाकेदार आवाज निकल रही थी। इसके बाद पुलिस ने बाइक को मौके पर ही सीज कर दिया और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 15 हजार रुपये का चालान काटा।

बाइक मालिक की पहचान छपार थाना क्षेत्र के बीजापुर निवासी नितिन और उसके साथी के रूप में हुई है।

पुलिस की सख्त चेतावनी

चौकी इंचार्ज दीपक कुमार ने बताया कि दोनों युवक जानबूझकर चौकी के सामने हुड़दंग और पटाखों जैसी आवाज निकालकर स्टंट कर रहे थे। उन्हें पीछा कर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में मॉडिफाइड साइलेंसर, तेज रफ्तार और स्टंटबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।