मुजफ्फरनगर के खतौली क्षेत्र में पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामे और धक्का-मुक्की का मामला सामने आया है। मोहल्ला देवीदास में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश दी थी, लेकिन इस दौरान भीड़ ने विरोध करते हुए आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़ा लिया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला देवीदास निवासी और सभासद रीना के पति विनोद कुमार पर गांजा तस्करी के आरोप में मामला दर्ज है। पुलिस पहले ही इस केस में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि विनोद कुमार फरार चल रहा था।
बुधवार को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसके घर पर दबिश दी और उसे पकड़ लिया। लेकिन इसी दौरान कुछ महिलाओं समेत स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया और धक्का-मुक्की करते हुए आरोपी को छुड़ा लिया।

घटना के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल के साथ दोबारा मोहल्ले में पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस दौरान विरोध करने और पुलिस से अभद्रता करने के आरोप में कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।