मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को पैसों के पुराने विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया। बघरा पुलिस चौकी के बाहर दो परिवारों की महिलाओं के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों की महिलाएं बीच सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ गईं और बाल पकड़कर मारपीट करने लगीं। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, सैदपुरा खुर्द निवासी छोटू उर्फ सचिन और धर्मा पक्ष के लोग करीब दो साल पहले कर्नाटक में एक कोल्हू पर काम करते थे। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था, जिसमें छोटू घायल भी हो गया था।

बाद में गांव में पंचायत के जरिए दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, जिसमें धर्मा पक्ष की ओर से पांच हजार रुपये दिए गए थे। बताया जा रहा है कि इसी रकम को लेकर बृहस्पतिवार को फिर से विवाद शुरू हो गया।
मामला बढ़ने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के पुरुष सदस्यों छोटू उर्फ सचिन और सोनू को पूछताछ के लिए चौकी ले जाया गया। इसी दौरान दोनों परिवारों की महिलाएं भी बघरा पुलिस चौकी पहुंच गईं, जहां बहस के बाद माहौल बिगड़ गया।
चौकी के बाहर ही दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई और देखते ही देखते महिलाएं आपस में भिड़ गईं। हंगामा बढ़ता देख आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को अलग किया और किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की बात कही है।