मुजफ्फरनगर में रविवार सुबह एक युवक की गोली लगने से मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के शाहबुद्दीनपुर रोड की है, जहां करीब 11:30 बजे यह हादसा हुआ।
मृतक की पहचान आदित्य के रूप में हुई है, जो एक निजी बैंक में कार्यरत था। रविवार होने के कारण वह घर पर ही था, तभी अचानक गोली लगने की घटना सामने आई। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि गोली किस परिस्थिति में चली।
पुलिस सभी संभावनाओं—दुर्घटना, आत्महत्या या किसी अन्य वजह को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
एएसपी सिद्धार्थ के. मिश्रा के मुताबिक, जिला अस्पताल से सूचना मिली थी कि गोली लगने से घायल एक युवक को लाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल के साथ-साथ परिजनों से भी पूछताछ की गई।
प्रारंभिक जानकारी में परिजनों ने बताया कि आदित्य अपनी लाइसेंसी राइफल की सफाई कर रहा था, उसी दौरान अचानक गोली चल गई और वह उसकी चपेट में आ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए विशेष टीम गठित की है और हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।