छपार, मुजफ्फरनगर। गांव बढेडी में ओलंपियन अनुज इंटरनेशनल ट्रस्ट द्वारा आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन रिटायर्ड डीजीपी डा. डीएस चौहान, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, फिरोजाबाद के एएसपी अनुज चौधरी और सदर ब्लॉक प्रमुख अमित चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में सभी मुख्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।

रिटायर्ड डीजीपी डा. डीएस चौहान ने युवाओं को नशाखोरी से दूर रहने और पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भाग लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों को कुश्ती, कबड्डी, वॉलीबॉल जैसे खेलों में हिस्सा लेने के लिए प्रेरित करना चाहिए, क्योंकि खिलाड़ी आमतौर पर नशे से दूर रहते हैं।

एएसपी अनुज चौधरी ने बताया कि प्रतियोगिता का मकसद युवाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे खेल में सफलता हासिल कर देश और जिले का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि आज के समय में इंटरनेट और सोशल मीडिया युवाओं को गुमराह कर रहे हैं, और सरकार को बच्चों की सुरक्षा के लिए मोबाइल उपयोग पर सीमा तय करनी चाहिए। उन्होंने खेल को युवाओं के लिए सकारात्मक नशा बताते हुए कहा कि देश के लिए पदक जीतने और स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए खेल ही सबसे बड़ा माध्यम है।

इस अवसर पर राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि अनुज चौधरी ने अपने गांव बढेडी और मुजफ्फरनगर जिले का गौरव बढ़ाया है, और युवा उनसे प्रेरणा लेकर देश के लिए पदक जीतने का प्रयास करें।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला 48 किलो भार वर्ग में हुआ, जिसमें आरिश छपरौली ने अक्षित भुम्मा को हराया। इसके बाद अंकुश बसेडा ने सावेज को, अनश ने आदित्य को, और अंश ने मयंक बघरा को हराया।

इस अवसर पर कई प्रमुख लोग मौजूद रहे, जिनमें भाजपा नेता गौरव स्वरूप, देवराना ग्रुप के हरेन्द्र कुमार, द्रोणाचार्य व अर्जुन अवार्डी पहलवान जुगमेन्द्र सिंह, अर्जुन अवार्डी पहलवान राजीव तोमर, महासिंह, हिंद केसरी भगत पहलवान, मनजीत छिल्लर, रजत चौधरी, राहुल चौधरी, पिन्टू पहलवान, भाकियू जिलाध्यक्ष नवीन राठी, धमेन्द्र मलिक, चरणसिंह टिकैत, अशोक बालियान, विजय शुक्ला, मिन्टू राठी, और संजिव खोकर शामिल थे।