समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की बेटी पद्मजा ने अपने पिता की याद को बेहद भावनात्मक अंदाज में संजोया है। उन्होंने अपने हाथ पर एक टैटू बनवाया है, जिसमें अपने पिता प्रतीक यादव को उन्हें गले लगाते हुए मुस्कुराती हुई तस्वीर के रूप में दर्शाया गया है। यह टैटू पिता और बेटी के गहरे रिश्ते की झलक पेश करता है।

यह भावुक पल टैटू आर्टिस्ट साक्षी पंवार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वीडियो के जरिए साझा किया है। वीडियो में पद्मजा अपने हाथ पर बन रहे टैटू को ध्यान से देखती नजर आती हैं और मुस्कुराते हुए कहती हैं कि अब उनके पिता हमेशा उनके साथ हैं।

13 मई को हुआ था निधन

प्रतीक यादव, जो समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र और अपर्णा यादव के पति थे, का 38 वर्ष की उम्र में लखनऊ में निधन हो गया था। 13 मई की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि वह लंबे समय से गंभीर फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे थे।

गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे प्रतीक यादव

जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव को पल्मोनरी एम्बोलिज्म नामक गंभीर और जानलेवा बीमारी थी, जिसमें फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं में खून का थक्का जम जाता है, जिससे सांस लेने और रक्त संचार में गंभीर बाधा आती है। इस स्थिति को चिकित्सकीय रूप से अत्यंत खतरनाक माना जाता है।

कुछ समय पहले उन्हें गंभीर हालत में लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। हालांकि, बताया जाता है कि वे उपचार के बीच में ही घर लौट आए थे।

अचानक बिगड़ी थी तबीयत

इस बीमारी के कारण उन्हें सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द और ऑक्सीजन स्तर गिरने जैसी समस्याएं हो रही थीं। यह एक मेडिकल इमरजेंसी स्थिति मानी जाती है, जिसमें तुरंत और लगातार उपचार आवश्यक होता है।

परिवार से जुड़ी करीबी सूत्रों के अनुसार, कुछ महीने पहले भी उनके फेफड़ों में संक्रमण और सर्जरी की जानकारी सामने आई थी। उनके निधन की खबर से परिवार और जानने वालों में गहरा शोक फैल गया।