लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया क्षेत्र में एक कोचिंग सेंटर में आग लगने की घटना के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है। घटना की जानकारी उस समय मिली जब वे अलीगढ़ में विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने मंच से ही शोक जताया और अपना दौरा बीच में रोककर तत्काल लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में हुई यह अग्नि दुर्घटना अत्यंत दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की।

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि लखनऊ में आग लगने की इस दुखद घटना से गहरा आघात पहुंचा है। प्रधानमंत्री ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

घटना के बाद कोचिंग सेंटर में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही कई छात्र घबराकर बाहर निकलने की कोशिश करने लगे और कुछ ने ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वे घायल हो गए। मौके पर प्रशासन, पुलिस और दमकल विभाग की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। आसपास के भवनों की छतों का उपयोग कर दीवार काटकर फंसे लोगों को निकालने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक कई घायलों को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जबकि कुछ लोगों के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।