लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने एक-एक फरियादी से मुलाकात कर उनके प्रार्थना पत्र लिए और संबंधित शिकायतों के त्वरित व समयबद्ध निस्तारण के निर्देश अधिकारियों को दिए।

अतिक्रमण की शिकायत पर सीएम सख्त

जनता दर्शन के दौरान अतिक्रमण से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। मथुरा से आए एक वृद्ध ने बताया कि उनके क्षेत्र में चकरोड पर अवैध कब्जा कर लिया गया है और स्थानीय स्तर पर शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इस पर मुख्यमंत्री ने तत्काल जिलाधिकारी को मौके पर जाकर स्थिति की जांच करने और अतिक्रमण पाए जाने पर उसे तुरंत हटवाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

“अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा”

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अतिक्रमण की शिकायतें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विकास प्राधिकरण जैसे सभी विभागों को नियमित निगरानी करने और ऐसी घटनाओं पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हर समस्या पर सरकार का ध्यान

जनता दर्शन में शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता, बिजली, पुलिस और राजस्व से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए लोगों को आश्वस्त किया कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और हर शिकायत का निस्तारण किया जाएगा।

गर्मी में फरियादियों का हालचाल जाना

भीषण गर्मी के बीच पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने पहले उनका हालचाल पूछा और स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और संतुलित खानपान अपनाने की सलाह दी।