शामली: शामली पुलिस ने चार थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान प्रतिबंधित चाइनीज मांझा बेचने वाले चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से कुल 74 चरखी और 40.164 किलो वजन का चाइनीज मांझा बरामद किया गया। यह कार्रवाई दैनिक देहात के न्यूज पोर्टल पर खबर प्रकाशित होने के बाद की गई।

एएसपी सुमित शुक्ला ने पुलिस लाइन में मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि अभियान का मकसद प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाना था। इस दौरान झिंझाना, कांधला, बाबरी और गढ़ीपुख्ता थाना क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों में मुनव्वर (पुत्र चुन्नू हसन, ग्राम गंगेरु, थाना कांधला), सुनील कुमार (पुत्र नकली सिंह, बाबरी), कलीम (पुत्र जमील, मुहल्ला शेखा मैदान झिंझाना) और आजम खान (पुत्र अजमत खान, ग्राम गढ़ी अब्दुल्ला खां, थाना गढ़ीपुख्ता) शामिल हैं।

एएसपी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि चाइनीज मांझा शासन स्तर पर प्रतिबंधित है और इसके निर्माण, भंडारण या बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।