शामली। उत्तर प्रदेश एंटी टेररिज्म स्क्वायड (एटीएस) ने मंगलवार तड़के कैराना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जिसके बाद इलाके में हलचल तेज हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार सहारनपुर से पहुंची एटीएस टीम सुबह करीब तीन बजे कैराना कोतवाली पहुंची। स्थानीय पुलिस को साथ लेकर टीम ने शहर के कई मोहल्लों और आसपास के ग्रामीण इलाकों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान चार युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया गया।
बताया जा रहा है कि प्रारंभिक पूछताछ के बाद एटीएस टीम सभी युवकों को अपने साथ ले गई है, जहां उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार जांच एजेंसियां इनसे संदिग्ध गतिविधियों, नकली करेंसी नेटवर्क और संभावित विदेशी संपर्कों को लेकर जानकारी जुटा रही हैं।
हालांकि स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मामले में ज्यादा जानकारी देने से इनकार किया है। एटीएस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है और लोग पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल जांच एजेंसियां मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं और पूछताछ पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।