उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर इलाके में मंगलवार दोपहर यमुना नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां दो किशोर गहरे पानी में उतरने के बाद डूब गए। दोनों अपने चार दोस्तों के साथ नदी में नहाने पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही दोनों किशोर डूबने लगे, उनके साथ मौजूद एक दोस्त ने शोर मचा दिया। सूचना मिलने पर पास में मौजूद गोताखोर तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू शुरू किया। कुछ ही मिनटों की मशक्कत के बाद एक किशोर को पानी से बाहर निकाल लिया गया।
घायल हालत में उसे तुरंत सिविल लाइंस स्थित ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान दक्षु (13) के रूप में हुई है। वहीं दूसरा किशोर प्रताप अब तक लापता है, जिसकी तलाश देर शाम तक जारी रही।
सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग, डीडीएमए और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया गया। शाम करीब 7 बजे तक प्रयास जारी रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। प्रशासन ने बुधवार सुबह फिर से तलाश अभियान शुरू करने की बात कही है।
पुलिस ने मृतक दक्षु का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सब्जी मंडी मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।
दोनों परिवारों की जानकारी
उत्तरी जिला पुलिस के अनुसार, दक्षु अपने परिवार के साथ तिमारपुर, तीन नंबर डेयरी के पास रहता था और सरकारी स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। उसके पिता जितेंद्र कार धोने का काम करते हैं। वहीं लापता प्रताप भी पास ही रहता था और 7वीं कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता लल्लू कुमार और मां रंजीता हैं।
छुट्टी के दिन बना था नहाने का प्लान
परिजनों ने बताया कि मंगलवार को आंबेडकर जयंती के कारण स्कूल की छुट्टी थी। इसी दौरान दोनों किशोर अपने चार दोस्तों के साथ तिमारपुर के सूरघाट पहुंचे थे। करीब 1:30 बजे सभी यमुना में नहाने उतरे, लेकिन गहरे पानी में जाने के कारण दक्षु और प्रताप डूबने लगे।
घटना के बाद बाकी दोस्त डरकर बाहर निकल गए और वहां से भाग गए। एक दोस्त ने तुरंत शोर मचाकर मदद बुलाई। स्थानीय गोताखोरों ने लगभग 10 मिनट में दक्षु को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
करीब 2 बजे पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद NDRF और अन्य बचाव दल भी सर्च ऑपरेशन में शामिल हुए।
परिवारों में मातम
घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवार मौके पर पहुंच गए। दक्षु के पिता ने बताया कि बेटा दोपहर में घर से निकला था। वहीं प्रताप की मां ने बताया कि उनके पति कैंसर से पीड़ित हैं और परिवार पहले से ही मुश्किल हालात में था। हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और घाट पर बड़ी संख्या में लोग जमा रहे।