संभल। महाशिवरात्रि के अवसर पर संभल शहर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और जलाभिषेक के दौरान “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।

170 किलोमीटर की दूरी तय कर हरिद्वार से गंगाजल लाकर असमोली निवासी मुस्लिम महिला तमन्ना मलिक उर्फ तुलसी ने शहर के क्षेमनाथ तीर्थ में जलाभिषेक किया। तमन्ना को गांव से मंदिर तक पुलिस सुरक्षा में लाया गया और जलाभिषेक के बाद सुरक्षित घर पहुंचाया गया।

अनूठा दृश्य: बुर्का में कांवड़ और भोले बाबा के जयकारे

तमन्ना मलिक ने बुर्के में रहते हुए कांवड़ उठाई और “बम-बम भोले” के जयकारे लगाते हुए जलाभिषेक किया। उनका यह नजारा देख भक्त और स्थानीय लोग हैरान रह गए। हिंदू समुदाय ने उनकी इस श्रद्धा की सराहना की, जबकि कुछ मुस्लिम लोग इसे लेकर आलोचना कर रहे हैं।

तमन्ना ने कहा, “धर्म से ऊपर इंसानियत है। भोले बाबा ने जो चाहा, वही हो रहा है।” उनके पति, अमन त्यागी ने बताया कि क्षेमनाथ शिवालय पर जलाभिषेक करने के लिए उन्होंने कांवड़ उठाई और श्रद्धा के साथ पूजा की।

साथ ही शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों जैसे पातालेश्वर और सूर्यकुंड मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही और मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।