उत्तर प्रदेश को वैश्विक निवेश मानचित्र पर मजबूत करने के प्रयासों को विदेशी निवेशकों का लगातार समर्थन मिल रहा है। इसी कड़ी में, सिंगापुर की प्रमुख एकीकृत कंटेनर लॉजिस्टिक्स कंपनी एपी मोलर माएर्स्क के प्रबंध निदेशक रीन पील पेडरसन ने सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट की। इस दौरान राज्य में निवेश के अवसरों और विस्तार को लेकर गहन चर्चा हुई। पेडरसन के साथ विवेक शर्मा, हेड बिजनेस डेवलपमेंट एवं रेगुलेटरी अफेयर्स (भारत, बांग्लादेश एवं श्रीलंका क्षेत्र) भी मौजूद रहे।

बैठक में उत्तर प्रदेश में निवेश की संभावनाओं, उद्योगों के लिए अनुकूल कारोबारी माहौल और राज्य सरकार की निवेश प्रोत्साहन नीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे राज्यों में शामिल है और यहां निवेशकों को सुरक्षित, स्थिर और पारदर्शी वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम, त्वरित स्वीकृतियां, नीति आधारित प्रोत्साहन और मजबूत कानून व्यवस्था के माध्यम से राज्य सरकार निवेशकों को हर स्तर पर सहयोग प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक्सप्रेसवे नेटवर्क, लॉजिस्टिक्स हब, औद्योगिक कॉरिडोर और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के कारण उत्तर प्रदेश निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन चुका है। उन्होंने एपी मोलर माएर्स्क को राज्य में अपने निवेश का विस्तार करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि सरकार आवश्यक भूमि, कनेक्टिविटी और नीति सहयोग सुनिश्चित करेगी।

इस अवसर पर विवेक शर्मा ने कहा, “हमने उत्तर प्रदेश में निवेश के अवसरों और अनुकूल माहौल पर सार्थक चर्चा की। हमारी कंपनी पिछले 20 वर्षों से राज्य में सक्रिय है। इस दौरान हमने राज्य की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार मुक्त वातावरण और व्यवसाय विस्तार में सरकार द्वारा मिले सहयोग को साझा किया। हम भविष्य में भी उत्तर प्रदेश में निवेश और विस्तार के अवसर तलाशने के लिए उत्सुक हैं।”

एपी मोलर माएर्स्क शिपिंग, बंदरगाह, जल परिवहन और अंतर्देशीय लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में वैश्विक स्तर की कंपनी है। इसके संभावित निवेश से राज्य का लॉजिस्टिक्स इकोसिस्टम मजबूत होगा, औद्योगिक गतिविधियों में तेजी आएगी और बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा, जो ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को साकार करने में मदद करेगा।