बिजनौर। नहटौर थाना क्षेत्र के गांव मुकर्रमपुर में रविवार की सुबह एक 10 वर्षीय बच्ची की गुलदार के हमले में मौत हो गई। इस घटना ने पूरे गांव में डर और शोक का माहौल बना दिया है। वन विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाना शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मुकर्रमपुर निवासी अतुल कुमार का परिवार रविवार सुबह गन्ने की बुआई के लिए खेत गया था। लगभग 10 बजे, अतुल की पत्नी पिंकी अपने बच्चों अदिति (10) और आदित्य के साथ खेत से घर लौट रही थीं, तभी रामकुमार के खेत के पास झाड़ियों में छिपा गुलदार अचानक अदिति पर टूट पड़ा। वह बच्ची को गर्दन से पकड़कर जंगल की ओर खींच ले गया।

पिंकी के चिल्लाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत दौड़े और लाठियों-डंडों से गुलदार को डराने की कोशिश की। गुलदार ने बच्ची को लगभग 200 मीटर दूर छोड़ दिया, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी। परिवार ने उसे तुरंत नहटौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही तहसीलदार धनराज कुमार, सीओ अभय कुमार पांडे और डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वन विभाग की टीम ने आसपास के जंगलों में कांबिंग शुरू कर दी है और दो पिंजरे लगाए गए हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि अदिति प्राथमिक विद्यालय की कक्षा चार की छात्रा थी और चार भाई-बहनों में दूसरी थी। पूरे गांव में इस दुखद घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।