बाराबंकी के हैदरगढ़ स्थित श्री अवसानेश्वर महादेव मंदिर में मंगलवार रात चोरों ने मंदिर की आस्था और श्रद्धा को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर मंदिर के गर्भगृह तक घुस गए और चांदी के छत्र समेत लगभग 8 किलो चांदी तथा अन्य कीमती पूजा सामग्री लेकर फरार हो गए। चोरी की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
बुधवार सुबह पुजारी जब मंदिर पहुंचे तो टूटा ताला और बिखरी हुई सामग्री देखकर चौंक गए। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद फोरेंसिक टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मंदिर परिसर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरों ने मंदिर के चैनल गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। पुलिस के अनुसार, एक चोर ने मंकी मास्क पहन रखा था, जिससे उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। हैदरगढ़ के कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी तरह से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
माना जा रहा है कि यह मंदिर में चोरी की पहली घटना नहीं है। बुधवार सुबह ही बड्डूपुर थाना क्षेत्र के भगौली तीर्थ मंदिर से भी पूजा सामग्री चोरी होने की खबर आई। पिछले एक महीने में जिले के कई मंदिरों में चोरी की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।