उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट में गुरुवार दोपहर दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावर प्लांट परिसर में घुसा और प्रबंधक सुधीर गुप्ता तथा उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारियों को दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी दहशत में आ गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
यह दोहरा हत्याकांड मूसाझाग क्षेत्र के सैंजनी गांव स्थित बायोगैस प्लांट में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही दातागंज और मूसाझाग थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में संदेह प्लांट के एक पूर्व कर्मचारी पर जताया जा रहा है, जो पहले यहां ऑपरेटर के पद पर काम कर चुका था। बताया जा रहा है कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उसका कंपनी प्रबंधन से विवाद चल रहा था। इससे पहले भी दोनों अधिकारियों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी और इस संबंध में मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।