पीलीभीत में गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे गौहनिया तालाब के पास एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लिंक रोड से टनकपुर हाईवे की ओर जा रही कार कांशीराम बरातघर के पास अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। गहरे पानी में कार तेजी से डूबने लगी।
तालाब में मछली पकड़ रहे दो ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए एक अन्य व्यक्ति के साथ पानी में कूदकर कार चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक को तुरंत जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर और इंस्पेक्टर नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। कार दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।