पश्चिम एशिया में ईरान और इस्राइल-यूएस के बीच जारी तनाव और होर्मुज क्षेत्र में तेल और गैस के जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने की खबरों के बीच भारत में ईंधन संकट की अफवाहें तेज हो गई हैं। हालांकि, केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की कोई कमी नहीं है।
नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने प्रेस वार्ता में कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें और घबराकर ईंधन या गैस की खरीदारी/बुकिंग न करें।
पेट्रोल और डीजल का उत्पादन पूरी क्षमता पर
सुजाता शर्मा ने बताया कि भारत की कुल रिफाइनिंग क्षमता 258 मिलियन मीट्रिक टन है और देश पेट्रोल व डीजल में आत्मनिर्भर है। वर्तमान में सभी रिफाइनरियां अपनी पूरी क्षमता या उससे अधिक क्षमता पर काम कर रही हैं और पर्याप्त कच्चे तेल का भंडार मौजूद है। इसका मतलब है कि पेट्रोल और डीजल के आयात की कोई तत्काल जरूरत नहीं है।
एलपीजी की आपूर्ति भी पूरी
देशभर के 25,000 से अधिक एलपीजी वितरकों में कहीं भी सिलेंडर की कमी नहीं है। घरेलू उपभोक्ताओं को बिना रुकावट के गैस उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल और शैक्षणिक संस्थानों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर प्रदान किए जा रहे हैं।
रिफाइनरियों में घरेलू एलपीजी का उत्पादन 5 मार्च के बाद लगभग 30% बढ़ा दिया गया है। इसके अलावा, वाणिज्यिक सिलेंडरों को राज्य सरकारों को उपलब्ध कराया गया है ताकि जरूरत के हिसाब से उनका वितरण किया जा सके।
पाइप्ड और कंप्रेस्ड गैस भी सामान्य
सुजाता शर्मा ने यह भी बताया कि घरेलू उपभोक्ताओं को पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) और वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की आपूर्ति बिना किसी कटौती के जारी है। उन्होंने वाणिज्यिक उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी जानकारी के लिए वे अपने स्थानीय सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क या अधिकृत डीलरों से संपर्क करें।
अतिरिक्त केरोसिन और वैकल्पिक ईंधन
सरकार राज्यों को निर्देश दे रही है कि वे जिलों में ऐसे स्थान चिन्हित करें जहां अतिरिक्त 48,000 किलोलीटर केरोसिन का वितरण किया जा सके। साथ ही, कोल इंडिया को निर्देश दिए गए हैं कि छोटे और मध्यम उपभोक्ताओं के लिए कोयले की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
अंत में सरकार की अपील
सुजाता शर्मा ने देशवासियों से अंतिम अपील की कि वे अफवाहों में न आएं और घबराकर गैस सिलेंडर या ईंधन की बुकिंग न करें। सरकार ने कहा कि देश में तेल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।