लखनऊ: डीजीपी मुख्यालय ने नागरिक पुलिस में बड़े स्तर पर पदोन्नतियों का ऐलान किया है। इसके तहत 121 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक और 384 मुख्य आरक्षियों को उपनिरीक्षक के पद पर पदोन्नत किया गया है।

उप्र पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने वर्ष 2025 की रिक्तियों के आधार पर योग्य कर्मचारियों की सूची डीजीपी मुख्यालय को भेजी थी। इसके बाद डीआईजी स्थापना, अखिलेश कुमार चौरसिया ने आधिकारिक आदेश जारी कर पदोन्नतियों को मंजूरी दी।

निरीक्षक पद पर पदोन्नत उपनिरीक्षकों में लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के रामस्वरूप, सुनील कुमार सिंह, जयकरन सिंह, प्रमोद कुमार यादव, आशीष त्रिवेदी और संतोष कुमार पटेल प्रमुख हैं। वहीं 186 उपनिरीक्षकों को पदोन्नति के लिए योग्य नहीं पाया गया, जबकि 82 उपनिरीक्षकों के मामले में जांच प्रचलित होने के कारण उनका लिफाफा बंद रखा गया।

मुख्य आरक्षियों में से 4 को पदोन्नति के लिए अस्वीकृति मिली, जबकि 30 की प्रक्रिया को लंबित रखते हुए उनका लिफाफा बंद रखा गया।