उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग में गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला। एक ही आदेश में 125 डिप्टी एसपी स्तर के अधिकारियों के तबादले कर दिए गए हैं। इनमें वे अधिकारी भी शामिल हैं, जिन्हें हाल ही में निरीक्षक पद से पदोन्नत कर डिप्टी एसपी बनाया गया था।
जारी सूची के अनुसार, विभिन्न जिलों, पुलिस कमिश्नरेट, पीएसी, एटीएस, रेलवे पुलिस और अन्य इकाइयों में तैनात अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन स्तर से किए गए इस व्यापक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त करने और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को जल्द से जल्द नए तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण नाम शामिल हैं। कमलेश कांत को मुरादाबाद से गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट भेजा गया है, जबकि सुनील कुमार सिंह को भदोही से बिजनौर स्थानांतरित किया गया है। अरुण कुमार शुक्ला को गोंडा से कौशांबी, मुकेश कुमार त्यागी को सहारनपुर से 47वीं वाहिनी पीएसी गाजियाबाद तथा जावेद इकबाल खान को खीरी से 48वीं वाहिनी पीएसी सोनभद्र में तैनाती दी गई है।
इसके अलावा रणवीर सिंह यादव को बागपत से शाहजहांपुर, राम किशन को बाराबंकी से गाजियाबाद कमिश्नरेट, अमित प्रताप सिंह को एएनटीएफ मुख्यालय लखनऊ से बहराइच तथा शिव ठाकुर को सहारनपुर से मेरठ भेजा गया है। सूची में संदीप कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, संदीप कुमार राय, विकास प्रताप सिंह चौहान, विजय कुमार पांडेय, रंजना सचान, संजय कुमार सिंह, अजय पाल सिंह, मुकेश कुमार, विवेक कुमार तिवारी, भास्कर कुमार समेत कई अन्य अधिकारियों के नाम भी शामिल हैं।
यह तबादला सूची मुरादाबाद, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर नगर, आगरा, झांसी, बरेली, अयोध्या, गाजीपुर, मुजफ्फरनगर, रायबरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बिजनौर, बागपत, बलरामपुर, बहराइच और बुलंदशहर सहित कई जिलों को कवर करती है।
शासन का कहना है कि इस बड़े स्तर के फेरबदल का उद्देश्य कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना तथा पुलिसिंग व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। सभी अधिकारियों को जल्द नई तैनाती पर योगदान देने के निर्देश दिए गए हैं।