बदायूं में बुधवार रात पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये का इनामी डकैत जीतेंद्र उर्फ डालू ढेर हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान हुई इस कार्रवाई में दो पुलिसकर्मी भी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइन पुलिस बिल्सी मोड़ के पास नई जेल के लिए प्रस्तावित भूमि क्षेत्र में वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।

मुठभेड़ में उपनिरीक्षक नीरज कुमार और सिपाही अविनाश चौधरी भी घायल हुए हैं। सभी घायलों और आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जीतेंद्र को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

मृतक की पहचान जीतेंद्र उर्फ डालू (38) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र का रहने वाला था और फिलहाल संभल में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह 18-19 मई की रात इस्लामनगर थाना क्षेत्र में हुई डकैती का मुख्य साजिशकर्ता था। इस मामले में पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि जीतेंद्र फरार चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

पुलिस ने मौके से एक सेमी-ऑटोमेटिक पिस्टल और कई कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी अंकिता शर्मा और एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।