यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मथुरा जिले के नौहझील थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 76 के पास एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 20 यात्री घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी सोनू सिंह और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत व बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
बस पलटने के बाद कई यात्री अंदर ही फंस गए थे। पुलिस, एंबुलेंस कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें नौहझील सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें
हादसे में कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि कई लोगों को हल्की चोटें लगी हैं। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है।
नोएडा से दरभंगा जा रही थी बस
प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह बस नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही थी। दुर्घटना के बाद कुछ यात्रियों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की।