मुजफ्फरनगर। सोशल मीडिया पर बजरंग दल को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए शाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, 13 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ था। वीडियो में एक युवक बजरंग दल के संबंध में कथित रूप से अशोभनीय और विवादित टिप्पणी करता दिखाई दे रहा था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और संबंधित व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की।


मुकदमा दर्ज कर आरोपी को दबोचा

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देश पर शाहपुर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को ग्राम कुटबा के निकट से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान आकिल पुत्र साबिर निवासी ग्राम पलड़ी, थाना शाहपुर के रूप में हुई है। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299, 352, 351(3) और 353(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।


पूछताछ जारी, पुलिस ने दी चेतावनी

सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की विधिक प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि विवादित या भ्रामक सामग्री पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।