आजमगढ़। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिले में मतदाता सूची की शुद्धिकरण प्रक्रिया पूरी हो गई है। मतदाता सूची के अनंतिम प्रकाशन में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं का सत्यापन कर 20 मार्च को निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपडेट कर दिया गया है। इस प्रक्रिया में कुल 2,43,528 डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
जिले के 22 विकास खंडों की 1,810 ग्राम पंचायतों में प्रारंभिक अभियान के दौरान लगभग 18,15,185 मतदाताओं को डुप्लीकेट के तौर पर चिन्हित किया गया था। सत्यापन के बाद 15,71,657 मतदाता वैध पाए गए, जबकि 2,43,528 को डुप्लीकेट माना गया। सभी 22 विकास खंडों में डुप्लीकेट मतदाताओं की जांच पूरी हो चुकी है।
BLO ने घर-घर जाकर किया सत्यापन
डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन के लिए बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) ने घर-घर जाकर जांच की। इसमें एक ही व्यक्ति के नाम कई स्थानों पर दर्ज होने, मृत्यु के बाद भी नाम बने रहने, या स्थान बदलने के बावजूद पुराने पते पर नाम दर्ज होने जैसी शिकायतों की पुष्टि की गई।
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचास्थानी राजाराम वर्मा ने बताया कि शुद्ध मतदाता सूची ही निष्पक्ष चुनाव की आधारशिला है। यदि डुप्लीकेट या अपात्र मतदाता सूची में बने रहते तो इससे चुनाव की विश्वसनीयता पर सवाल उठ सकते थे। इसी कारण जिले में यह अभियान प्राथमिकता पर चलाया गया।
निर्वाचन आयोग द्वारा जिले स्तर पर चिह्नित डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची उपलब्ध कराई गई थी, जिसका सत्यापन पूरा कर अनंतिम प्रकाशन में संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं की संख्या आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।