मनुआपुल (पश्चिम चंपारण)। पश्चिम चंपारण के बेतिया में शनिवार शाम तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ट्रिपल सवारी कर रही बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई, जिसमें बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, चनपटिया-बेतिया मुख्य मार्ग पर मेंहदिया बारी पेट्रोल पंप के पास शाम लगभग 7:30 बजे यह हादसा हुआ। बाइक पर सवार इमरान खां और समीर अहमद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे तीसरे युवक को गंभीर हालत में किसी प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
तीनों युवक बाइक से चनपटिया की ओर जा रहे थे और बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली से टक्कर हो गई। सूचना मिलते ही मनुआपुल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गई। चिकित्सकों ने इमरान और समीर को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराए बिना शव अपने साथ ले गए। जख्मी युवक का उपचार किसी निजी अस्पताल में जारी है। मनुआपुल थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि दुर्घटना ट्रैक्टर की ठोकर से हुई और दो बाइक सवारों की मौत हो गई।