आगरा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को मंडलीय समीक्षा और भाजपा जनप्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक के लिए आगरा पहुंचे। चार बजे खेरिया हवाई अड्डे पर भाजपा के सांसद, विधायक, जिला अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

आयुक्त सभागार में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी जिले के भाजपा जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। बैठक का मुख्य एजेंडा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की धीमी प्रगति की समीक्षा और मतदाता निर्माण में तेजी लाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करना है। यह बैठक लगभग दो घंटे तक चलेगी।

मुख्यमंत्री इस दौरान कार्यकर्ताओं को निर्देश देंगे कि किस तरह वे आगामी चुनावों में संगठन की गतिविधियों और मतदाता जागरूकता में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।