बस्ती: जिले के गौर थाना क्षेत्र के महुआ डाबर गांव में रविवार सुबह एक दुखद घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। करीब 10 बजे गांव के रहने वाले 18 वर्षीय अमन सिंह ने स्थानीय दुकान से पैक्ड चॉकलेट केक खरीदा और उसे खा लिया। बताया जा रहा है कि उसी केक का एक हिस्सा पास में मौजूद तीन वर्षीय ओंकार को भी दे दिया गया। केक खाने के कुछ ही समय बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी।
परिजन अमन को तुरंत अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर हालत में ओंकार को पहले गौर सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए कैली अस्पताल रेफर कर भर्ती कराया गया है।
अमन के पिता संतोष सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उनके बेटे ने गांव की दुकान से बंद पैकेट वाला छोटा चॉकलेट केक खरीदा था। उसी के सेवन के बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हुई। मामले की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिम सिंह और प्रभारी निरीक्षक गौर संतोष कुमार पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और जांच शुरू कर दी।
पुलिस दुकानदार से पूछताछ कर रही है कि केक कहां से और कब मंगाया गया था। साथ ही पैकेट पर अंकित निर्माण और समाप्ति तिथि समेत अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। अमन के पिता की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा।
प्राथमिक तौर पर मामला फूड प्वाइजनिंग का प्रतीत हो रहा है, हालांकि स्वास्थ्य विभाग की टीम को भी जांच के लिए भेजने की तैयारी है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने बताया कि घटना गंभीर है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जाएगी।
अमन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा है और गांव में शोक का माहौल है। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ उसके घर पर जुटी रही। स्थानीय लोगों के अनुसार, अमन मिलनसार स्वभाव का था और अक्सर गांव की दुकान से सामान खरीदता रहता था।
घटना के बाद पुलिस दुकानदार को पूछताछ के लिए बभनान चौकी ले गई। दुकानदार ने बताया कि उसने केक बभनान बाजार के स्टेशन रोड स्थित एक दुकान से खरीदा था। फिलहाल पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है।