देहरादून: दून जिला न्यायालय को गुरुवार को फिर बम धमकी मिलने के कारण कोर्ट परिसर को तुरंत खाली कराया गया। धमकी ई-मेल के जरिए आई थी, जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की जांच की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह धमकी नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी और रुद्रप्रयाग के बाद देहरादून में भी आई है। बुधवार को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल आया था। दोनों दिन कोर्ट परिसर में मौजूद जज, स्टाफ और अधिवक्ताओं को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाला गया।
सर्च ऑपरेशन के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली
टीम ने पूरे परिसर की दो घंटे तक सघन तलाशी ली, लेकिन कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। तलाशी पूरी होने के बाद ही कोर्ट में कार्यवाही फिर से शुरू हुई। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने कहा कि सूचना का त्वरित संज्ञान लिया गया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर परिसर खाली कर सघन जांच कराई गई।
धमकी में अजीब और राजनीतिक संदर्भ
जिला जज को भेजे गए ई-मेल में धमकी दी गई थी कि सुबह 11.15 बजे कोर्ट परिसर को बम से उड़ा दिया जाएगा। पत्र में दावा किया गया था कि पांच बम पहले से ही परिसर में रखे गए हैं, जिनमें सी-4 और नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया है। धमकी में कुछ राजनीतिक और क्षेत्रीय संदर्भ भी शामिल थे, जिनमें पाकिस्तान, डीएमके आईटी विंग, तमिल टाइगर ऑफ ईलाम और स्थानीय सामाजिक मुद्दों का उल्लेख था।