देहरादून: मसूरी की सुरम्य वादियों में शनिवार को भारतीय क्रिकेट टीम के स्पिनर कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की मित्र वंशिका चड्ढा के साथ शादी के बंधन में बंध गए।
शहर के प्रतिष्ठित द सेवाय होटल में आयोजित यह भव्य समारोह क्रिकेट, फिल्म और संगीत जगत की कई नामचीन हस्तियों की मौजूदगी में संपन्न हुआ, जिससे यह आयोजन यादगार बन गया।
दो दिन तक चलने वाले इस उत्सव ने मसूरी को रंगीन रोशनी और जश्न से भर दिया। शाम के समय बैंड-बाजे और ढोल की थाप के बीच बरात निकली और शाही अंदाज में सजाए गए मंडप में विवाह की रस्में संपन्न हुईं। दूल्हा कुलदीप यादव शाही घोड़ी पर मंडप पहुंचे, जबकि दुल्हन वंशिका चड्ढा की एंट्री विंटेज कार में हुई।
क्रिकेट और फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस खास मौके पर क्रिकेट जगत से युजवेंद्र चहल, रिंकू सिंह, सुरेश रैना और भुवनेश्वर कुमार सहित कई खिलाड़ी मौजूद रहे। वहीं युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा, टीम के फिल्डिंग कोच टी दिलीप और पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी समारोह में शामिल हुए।
संगीत और फिल्म जगत से मशहूर गायक कैलाश खेर और अभिनेता कुणाल कपूर ने भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। इसके अलावा, आध्यात्मिक गुरु धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी जोड़े को मंगलकामनाएं दीं।
शादी से एक दिन पहले हल्दी, मेहंदी, संगीत और कॉकटेल समारोह आयोजित किए गए, जिनमें मेहमानों ने गीत-संगीत और नृत्य का आनंद लिया।
भव्य रायल आइवरी थीम में सजा समारोह
शादी का मुख्य आकर्षण इसकी रायल आइवरी थीम थी। हल्के क्रीम और सफेद रंग की संयोजन में मंच, पर्दे और फूलों की सजावट की गई। हल्की सुनहरी रोशनी और झूमरों की चमक ने पूरे समारोह को शाही और सुरुचिपूर्ण रूप दिया। सफेद गुलाब, आर्किड और लिली से सजा मंडप और भव्य मंच समारोह को राजसी आभा प्रदान कर रहे थे।
समारोह की पूरी डिजाइनिंग “वेडिंग बाजार बाय केलविन इंटरनेशनल” ने की, जिसने रॉयल आइवरी थीम के अनुरूप पूरे आयोजन को शानदार रूप दिया।
विशेषज्ञों के अनुसार, रायल आइवरी थीम आधुनिक शादियों में तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इसमें हल्के क्रीम या आफ-व्हाइट रंग को आधार बनाकर सजावट की जाती है, जिसे हल्के सुनहरे रंग और सौम्य रोशनी के साथ संयोजित किया जाता है।