गैरसैंण में चल रहे विधानसभा सत्र का पांचवां दिन देर रात 12:30 बजे तक चला। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता वाली सरकार ने 1 लाख करोड़ से अधिक का बजट पारित किया। इसके बाद सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।
सत्र के पहले दिन, सोमवार को मुख्यमंत्री धामी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था। यह बजट पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 10.41 प्रतिशत बड़ा है। बजट में राज्य को आत्मनिर्भर और विकसित उत्तराखंड बनाने के उद्देश्य से “ज्ञान और संतुलन” के मंत्र को केंद्र में रखा गया। यह पहला अवसर है जब धामी ने वित्त मंत्री के रूप में विधानसभा में अपने बजट का प्रस्तुतीकरण किया।
सरकार का अनुमान है कि नए वित्तीय वर्ष में कुल 1,11,703.21 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त होगा। इसमें 67,525.77 करोड़ रुपये राजस्व प्राप्तियाँ और 42,617.35 करोड़ रुपये पूंजीगत प्राप्तियाँ शामिल हैं। बजट में कोई राजस्व घाटा अनुमानित नहीं किया गया है, जबकि राजकोषीय घाटा 12,579.70 करोड़ रुपये आंका गया है।