हल्द्वानी: व्लॉगर ज्योति अधिकारी ने शनिवार शाम फेसबुक लाइव पर 25 मिनट 20 सेकेंड तक आकर खुदकुशी की धमकी दी। इसके बाद वह काठगोदाम स्थित शीतला माता मंदिर के जंगल में चली गईं। पुलिस ने सर्विलांस तकनीक की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की और उन्हें बेहोशी की हालत में ढूंढा। ज्योति को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

ज्योति अधिकारी ने लाइव वीडियो में आरोप लगाया कि उन्हें लगातार मानसिक उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पहले उन्होंने एक महिला व्लॉगर और एक कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने उनकी शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद इन दोनों लोगों की तहरीर पर उनके और उनके पति के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कर दी गई।

व्लॉगर ने आगे कहा कि इससे पहले भी उनके खिलाफ कई प्राथमिकाएँ दर्ज की जा चुकी हैं। उनका पूरा परिवार डर और चिंता में है। उनके बेटे की बोर्ड परीक्षाएँ चल रही हैं और लगातार पुलिस का उनके घर आना परिवार के लिए तनाव का कारण बन रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि खुलेआम उनके चरित्र का हनन किया जा रहा है, लेकिन ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही।

एसपी सिटी हल्द्वानी, मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि ज्योति अधिकारी को शीतला माता मंदिर के जंगल से सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच अभी जारी है।