पिथौरागढ़: बंगापानी-मदकोट मार्ग पर एन बैंड के पास रविवार को एक दुखद सड़क हादसा हुआ। मुनस्यारी जा रही इनोवा कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार, कार में सवार युवाओं की टीम मदकोट के रास्ते मुनस्यारी जा रही थी। बंगापानी से लगभग एक किलोमीटर पहले एन बैंड के पास कार सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई।
मौके पर पहुंचे पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार में फंसे युवाओं को बाहर निकाला। हादसे में लक्ष्मण सिंह नेगी (पुत्र राम सिंह नेगी, मूल निवासी धूरातोली, मुनस्यारी और वर्तमान में जीआईसी पिथौरागढ़) और अंकित पांडे (27, पुत्र बसंत पांडे, दौला, पिथौरागढ़) की मौत हो गई।
गंभीर रूप से घायल आयुष पंत (पुत्र नरेंद्र पंत) और देवेश पंत दोनों को निजी वाहन और बाद में 108 एंबुलेंस के माध्यम से पिथौरागढ़ जिला अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में अस्कोट के पास आयुष पंत ने दम तोड़ दिया।
हादसे में मारे गए लक्ष्मण सिंह नेगी भारतीय सेना की एएमसी में कार्यरत थे। घटना से पिथौरागढ़ और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है।