रुद्रप्रयाग। मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश, आंधी-तूफान और खराब मौसम की चेतावनी जारी किए जाने के बाद रुद्रप्रयाग जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन केदारनाथ धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रशासन का बड़ा फैसला
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के तहत सभी श्रद्धालुओं को निकटतम होल्डिंग एरिया और सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, खराब मौसम और ऑरेंज अलर्ट की स्थिति को देखते हुए यात्रा को फिलहाल स्थगित किया गया है।
राहत-बचाव एजेंसियां अलर्ट पर
प्रशासन ने पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और अन्य आपदा राहत दलों को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। सभी टीमों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
मौसम सामान्य होने के बाद ही यात्रा को दोबारा शुरू किया जाएगा।
लगातार निगरानी में यात्रा मार्ग
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और लगातार मौसम तथा यात्रा मार्गों की निगरानी कर रहे हैं।
सोनप्रयाग और गौरीकुंड जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि मौसम में सुधार होने तक किसी भी यात्री को आगे न बढ़ने दिया जाए।
कंट्रोल रूम से रखी जा रही नजर
प्रशासन ने बताया कि यात्रा मार्गों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और कंट्रोल रूम के माध्यम से लगातार की जा रही है, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।