देहरादून: दोस्तों के साथ पार्टी करने निकले 28 वर्षीय दिगंबर धीमान की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि यह हत्या ढाई लाख रुपये के लेन-देन को लेकर की गई थी। आरोपी हेमंत कुमार, आदिल और वैभव भट्ट उर्फ सज्जू ने दिगंबर को बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला और शव को छुपाने के लिए एक टैक्सी चालक को 15 हजार रुपये का लालच भी दिया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लोहे की रॉड और हथौड़ा बरामद हुआ है। जांच में सामने आया कि तीनों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है।

घटना का पूरा विवरण:
शास्त्रीनगर खाला सीमाद्वार निवासी संतराम ने 11 फरवरी को अपने पुत्र दिगंबर की गुमशुदगी की शिकायत थाना बसंत विहार में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा 9 फरवरी से लापता था।

इसके बाद 17 फरवरी को मंजू सैनी ने पुलिस को सूचना दी कि उसके पति हेमंत सेमवाल और उसके साथी आदिल व संजू ने 9 फरवरी को दिगंबर की हत्या कर दी। पुलिस ने हरिद्वार जिले के श्यामपुर क्षेत्र के जंगल से दिगंबर का शव बरामद कर लिया।

शव को छुपाने के लिए जिस कार का इस्तेमाल किया गया था, उसके ड्राइवर को भी गिरफ्तार किया गया। हेमंत सेमवाल, आदिल और संजू के खिलाफ हत्या के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।