देहरादून: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एनएच 74 मुआवजा घोटाले में एक बार फिर कार्रवाई करते हुए चार लोगों की 13.89 करोड़ रुपये मूल्य की चल-अचल संपत्तियों को अटैच किया है। यह कार्रवाई पंतनगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर की गई और संपत्तियां ऊधमसिंह नगर जिले में अटैच की गई हैं।
इस मामले में पहले भी पुलिस की एसआईटी ने 2017-18 में बड़ी कार्रवाई की थी और कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। आरोप था कि कुछ किसानों ने अपनी कृषि भूमि का उपयोग बदलवाकर तय दरों से कहीं अधिक मुआवजा हासिल किया था।
ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच शुरू की और पहले भी कई किसानों की संपत्तियों को अटैच किया जा चुका है। इस कार्रवाई में अब किसान दिलबाग सिंह, जरनैल सिंह, बलजीत कौर और दलविंदर सिंह की संपत्तियां शामिल हैं।
जांच में सामने आया कि इन सभी ने राजस्व अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर अपनी कृषि भूमि को गैर-कृषि भूमि दिखाकर अतिरिक्त मुआवजा लिया। प्राप्त राशि का एक हिस्सा उन्होंने अपने रिश्तेदारों के खातों में भी ट्रांसफर किया। इसके चलते अब इन रिश्तेदारों की संपत्तियों और लेन-देन पर भी ईडी की नजर है।