लक्सर। गुरुवार की सुबह लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम रखे जाने की सूचना मिलने से पुलिस और यात्रियों में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम बम निरोधक दस्ते के साथ स्टेशन, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, टिकट घर, यार्ड और आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच में जुट गई।
रेलवे स्टेशन के साथ ही रुड़की, डौसनी, लंढौरा, ऐथल, पथरी और रायसी जैसे नजदीकी स्टेशनों पर भी पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। घंटों की जांच के बाद कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने पर पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
झूठी सूचना देने वाला गिरफ्तार
इस दौरान पुलिस ने उस व्यक्ति की पहचान करने और उसे पकड़ने की कार्रवाई भी शुरू की जिसने फोन कर झूठी जानकारी दी थी। जीआरपी थानाध्यक्ष रचना देवरानी के नेतृत्व में टीम ने लोकेशन ट्रेसिंग कर आरोपी कुलबीर निवासी खानपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से उसी मोबाइल फोन को भी जब्त किया गया, जिससे कॉल की गई थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जाएगा। इस घटना ने न केवल रेलवे सुरक्षा की सतर्कता को बढ़ाया, बल्कि झूठी सूचनाओं के गंभीर परिणामों को भी उजागर किया।