उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की एक सुंदर झलक उस समय देखने को मिली जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्य की प्रसिद्ध नंदा देवी राजजात यात्रा से प्रेरित एक विशेष स्मृति चिह्न भेंट किया गया। यह अनोखा स्मृति चिह्न उत्तराखंड की युवा कार्टूनिस्ट कंचन जदली, जिन्हें ‘लाटी’ के नाम से भी जाना जाता है, ने तैयार किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंच पर प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए यह स्मृति चिह्न उन्हें सौंपा। पौड़ी जिले के कोटद्वार की रहने वाली कंचन जदली ने बताया कि इस कृति को तैयार करने में कई महीनों की मेहनत लगी। उन्होंने पारंपरिक कला और स्थानीय सांस्कृतिक तत्वों को जोड़कर इसे एक विशेष स्वरूप दिया, जिसमें नंदा देवी राजजात की गहरी झलक दिखाई देती है।

कंचन ने कहा कि नंदा देवी राजजात उत्तराखंड की आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए इससे जुड़े हर प्रतीक का विशेष महत्व है।

पहले भी पसंद आ चुकी है ‘लाटी’ की कला

कंचन जदली का काम पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना पा चुका है। उनके द्वारा उत्तराखंड के लोकपर्वों पर बनाए गए कार्टून को पीएम मोदी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा भी किया था। कंचन अपनी रचनात्मकता के जरिए उत्तराखंड की संस्कृति को लोगों तक सरल और आकर्षक तरीके से पहुंचा रही हैं। इसके अलावा वह पहाड़ी जीवन पर आधारित कार्टून और रोचक पंचलाइन भी बनाती हैं।

महेंद्र सिंह धोनी ने भी की थी तारीफ

साल 2023 में उत्तराखंड दौरे के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी कंचन की कला की सराहना की थी। वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि “ये सभी कार्टून मुझे पार्सल कर दो, बहुत शानदार हैं।” उन्होंने कंचन को अपने दिल्ली स्थित आवास का पता भी दिया था और कहा था कि उनकी पंचलाइन उन्हें गांव के पुराने दिनों की याद दिलाती हैं।