देहरादून। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। वाया एक्सप्रेसवे चलने वाली वॉल्वो बसों के किराए में कमी कर दी गई है। अब वॉल्वो बस का किराया 945 रुपये से घटाकर 709 रुपये कर दिया गया है। वहीं एसी बस का किराया 704 रुपये से घटाकर 557 रुपये और साधारण बसों का किराया 420 रुपये से कम होकर 355 रुपये तय किया गया है।
एक्सप्रेसवे से कम हुआ सफर का समय
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 14 अप्रैल को उद्घाटन किए गए दून-दिल्ली एक्सप्रेसवे के खुलने के बाद सड़क यात्रा में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। इस मार्ग के शुरू होने से दिल्ली का सफर पहले जहां करीब पांच घंटे में पूरा होता था, वहीं अब यह यात्रा लगभग तीन घंटे में पूरी हो रही है।
उत्तराखंड परिवहन निगम ने इस रूट पर करीब 16 बसों का संचालन शुरू कर दिया है।
ट्रायल के बाद लिया गया फैसला
पिछले दिनों ट्रायल के तौर पर कुछ बसों को इसी एक्सप्रेसवे मार्ग से दिल्ली भेजा गया था, जिसमें यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई। साथ ही प्रति ट्रिप खर्च में भी गिरावट आई है। इन्हीं आंकड़ों के आधार पर निगम ने यात्रियों को राहत देते हुए किराया घटाने का निर्णय लिया है।
यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी
ग्रामीण डिपो के सहायक महाप्रबंधक प्रतीक जैन के अनुसार, एक्सप्रेसवे के जरिए यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। किराया कम होने के बाद और अधिक लोग इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं।