बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में रविवार सुबह दो बार हल्के भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि अब तक कहीं से भी किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार, पहला झटका सुबह 10:32:33 बजे दर्ज किया गया, जिसकी तीव्रता 3.1 मापी गई। इसके बाद लगभग 14 मिनट बाद दूसरा झटका 10:46:59 बजे महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.6 रही। दोनों झटकों का केंद्र बागेश्वर क्षेत्र के आसपास करीब 5 किलोमीटर की गहराई में बताया जा रहा है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि सभी तहसीलों से प्राप्त रिपोर्ट के अनुसार फिलहाल किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात पूरी तरह सामान्य हैं।