कोटद्वार में एक दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद सुर्खियों में आए मोहम्मद दीपक को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले ने दीपक की हत्या पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने की बात भी कही है। इस संबंध में दीपक कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान राजा उत्कर्ष, निवासी मोतिहारी (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच में जुटी हुई है।
इस मामले को लेकर जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड इकाई ने प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर दीपक कुमार को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि 26 जनवरी को कोटद्वार में एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी। इसके बाद से ही दीपक को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
जिम में तोड़फोड़ का आरोप
जमीअत उलेमा-ए-हिंद के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने बताया कि दीपक कुमार ने मानवीय और संवैधानिक जिम्मेदारी निभाते हुए हिंसा का विरोध किया, लेकिन इसके बदले उन्हें डराने-धमकाने का सिलसिला जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 31 जनवरी को दून और हरिद्वार से आए लोगों के एक समूह ने कोटद्वार में दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया।
जमीअत ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हिंसा के खिलाफ खड़े होने और सामाजिक सौहार्द का परिचय देने वाले व्यक्ति को निशाना बनाया जाना चिंता का विषय है। संगठन का कहना है कि ऐसी घटनाओं से देवभूमि की शांत और सौहार्दपूर्ण छवि प्रभावित हो रही है। वहीं, जमीअत के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की है कि कोटद्वार में तोड़फोड़ के प्रयास में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।