मेरठ: इंचौली थाना क्षेत्र के धनपुर गांव में बीएसएफ जवान नैन सिंह की हत्या का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। जानकारी के मुताबिक, नैन सिंह की पत्नी कोमल का नैन सिंह के मौसेरे भाई गुलशन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब नैन सिंह को इसका पता चला, तो पत्नी और उसके प्रेमी ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
हत्या का तरीका और गिरफ्तारी
कोमल ने अपने जेवर गिरवी रखकर हत्या की सुपारी दी थी। पुलिस ने जांच के बाद हत्या में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन, राहुल उर्फ पवन, गुड्डू, मोंटू और कोमल शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया तमंचा और अन्य सामान भी बरामद किया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस की सराहनीय कार्यवाही
एसएसपी अविनाश पांडे ने हत्या का खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये का इनाम दिया। टीम में इंचौली थाने के एसएसआई वीरेंद्र सिंह, जितेंद्र त्रिपाठी, स्वाट प्रभारी निरीक्षक शैलेश तोमर और उप निरीक्षक हरिओम वर्मा शामिल थे।