श्रीनगर गढ़वाल। श्रीकोट स्थित बेस चिकित्सालय की पुरानी मोर्चरी के पास गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक एंबुलेंस अचानक अनियंत्रित होकर खुद-ब-खुद आगे बढ़ गई और उसने सड़क किनारे खड़े कई वाहनों को टक्कर मारते हुए एक मकान की बाउंड्री को भी नुकसान पहुंचा दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना करीब 2:30 बजे हुई। बताया जा रहा है कि एंबुलेंस एक मरीज को लेकर देहरादून जा रही थी और उसमें मरीज के साथ परिजन भी मौजूद थे। इसी दौरान चालक किसी काम से वाहन से नीचे उतरा, तभी एंबुलेंस अचानक ढलान की ओर बढ़ने लगी।

चालक ने दौड़कर वाहन को रोकने की कोशिश की और दरवाजा खोलने का प्रयास भी किया, लेकिन वह सफल नहीं हो सका। देखते ही देखते एंबुलेंस बेकाबू होकर आगे बढ़ती रही और रास्ते में खड़े तीन वाहनों को टक्कर मारते हुए एक मकान की दीवार/बाउंड्री से जा टकराई।

इस हादसे में एंबुलेंस में सवार मरीज, परिजन और चालक को हल्की चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि घटना के समय सड़क पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, वरना नुकसान और बड़ा हो सकता था।

हादसे के बाद कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

वहीं श्रीनगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष कोतवाली पहुंचे हैं। क्षति का आकलन किया जा रहा है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।