मुरादाबाद और बुलंदशहर से नैनीताल घूमने आए चार पर्यटकों की कार सोमवार शाम सरिताताल झील में जा गिरी। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रेस्क्यू कर सभी को बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, यूपी-21-सीसी-1213 नंबर की कार में मुरादाबाद निवासी आलम और बुलंदशहर निवासी उमेर अपनी दो महिला मित्रों के साथ नैनीताल घूमने आए थे। सोमवार शाम यह सभी लोग कालाढूंगी रोड से नैनीताल से मुरादाबाद की ओर लौट रहे थे।
इसी दौरान सरिताताल क्षेत्र के पास वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार सड़क से फिसलते हुए सीधे झील में जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ यात्री खुद ही कार से बाहर निकल आए, जबकि बाकी लोगों को स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी पर्यटक वहां से जा चुके थे।
मंगोली चौकी प्रभारी राधिका भंडारी ने बताया कि हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी पर्यटक सुरक्षित हैं। फिलहाल झील में गिरी कार को बाहर निकालने की कार्रवाई पुलिस की निगरानी में की जा रही है।